हरहुआ में डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की याद में बने भव्य स्मृति द्वार का हुआ उद्घाटन, मंत्री अनिल राजभर बोले- युवा हैं देश के कर्णधार
वाराणसी। हरहुआ के हरिहरपुर में रविवार को प्रजापति स्वाभिमान एकता मंच की ओर से डॉ. रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार की स्मृति में बनाए गए स्मृति द्वार का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि देश के युवा ही उसके असली कर्णधार हैं। राष्ट्र के भविष्य की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है, इसलिए उन्हें देश और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने डॉ. रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार के सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा देता है। उनके संघर्ष, विचार और समाज के प्रति योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार की स्मृति में यह विशाल स्मृति द्वार हरहुआ रिंग रोड पर हरिहरपुर चौराहे के पास बनाया गया है। इसके निर्माण में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के अलावा पार्षद अभय प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य राम आसरे प्रजापति और अरविंद प्रजापति का सहयोग रहा।
समारोह में हमीरपुर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति समेत अशोक प्रजापति, डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. सुशील प्रजापति, डॉ. हाशमी, पूर्व प्रधान जवाहरलाल प्रजापति और शर्मिला इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक प्यारेलाल प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने डॉ. रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समाज के नागरिक शामिल हुए।
