काशी में 30 नवंबर को लगेगा ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेला, महादेव को लगेगा बाटी-चोखा का भोग
वाराणसी। काशी की प्रसिद्ध पंचक्रोशी तीर्थयात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर धाम में इस वर्ष ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेले का आयोजन 30 नवंबर, सोमवार को किया जाएगा। वर्षों पुरानी धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय परंपराओं के चलते मेले की निर्धारित तिथि में बदलाव किया गया है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
पंचांग के अनुसार इस वर्ष मेले की तिथि 29 नवंबर को पड़ रही थी। हालांकि, क्षेत्र में रविवार के दिन बैंगन नहीं भूनने की प्राचीन परंपरा है। इसी मान्यता को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की सहमति से मेले का आयोजन एक दिन आगे बढ़ाया गया है।
मेला क्षेत्र में सजीं दुकानें, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
लोटा-भंटा मेले को लेकर रामेश्वर सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। मेला परिसर में बड़े-बड़े झूले, चरखे और विभिन्न प्रकार की दुकानें सज गई हैं। हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। अधिकारियों ने अब तक दो बार मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की है।
भगवान श्रीराम से जुड़ा है रामेश्वर धाम का पौराणिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय और रावण वध के बाद भगवान श्रीराम ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति के लिए रामेश्वर धाम पहुंचे थे। यहां उन्होंने वरुणा नदी के तट की रेत से शिवलिंग स्थापित कर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की थी।
लोटा-भंटा मेले से संतान प्राप्ति की मान्यता भी जुड़ी हुई है। प्रचलित लोककथा के अनुसार, सैकड़ों वर्ष पहले एक निःसंतान दंपती ने रामेश्वर महादेव से संतान प्राप्ति की कामना की थी। मनोकामना पूरी होने पर दंपती ने अगहन मास में उपलों की आग पर बाटी-चोखा तैयार कर महादेव को भोग अर्पित किया था। तभी से यह धार्मिक परंपरा चली आ रही है।
आज भी पूर्वांचल और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर अहरे पर बाटी-चोखा बनाते हैं। भगवान रामेश्वर महादेव को भोग अर्पित करने के बाद सपरिवार प्रसाद ग्रहण करते हैं।
दस किलोमीटर के दायरे में लगेगा मेला, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
बड़ागांव और जंसा थाना क्षेत्रों की सीमा में करीब दस किलोमीटर के दायरे में आयोजित होने वाले इस मेले में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। रविवार शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा।
भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। मेला क्षेत्र में विभिन्न थानों की पुलिस के साथ पीएसी, महिला पुलिसकर्मियों और अग्निशमन दल की तैनाती की जाएगी।
पेयजल, प्रकाश और नदी तट पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
रामेश्वर मंदिर के पुजारी अनूप तिवारी और जगापट्टी के ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने प्रशासन से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, नियमित साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराने पर जोर दिया है। साथ ही वरुणा नदी में स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नाव, गोताखोर, सुरक्षा रस्सी और लाइफ ट्यूब की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की है।
