घर से साइकिल लेकर निकला नाबालिग पहुंचा झारखंड के नक्सल क्षेत्र में, वाराणसी पुलिस ने ढूंढ निकाला, परिजनों ने जताया आभार
Varanasi : घर की परिस्थितियों से परेशान होकर साइकिल से निकला एक नाबालिग सैकड़ों किलोमीटर दूर झारखंड के नक्सल प्रभावित सिमडेगा क्षेत्र तक पहुंच गया। वाराणसी पुलिस की SOG, सर्विलांस सेल और थाना बड़ागांव की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय पुलिस के सहयोग से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
मामला 1 अगस्त 2026 का है। थाना बड़ागांव क्षेत्र से नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल पुलिस टीमों को उसकी सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए।
CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
नाबालिग की तलाश में SOG, सर्विलांस सेल और थाना बड़ागांव की टीम ने CCTV फुटेज, कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान उसकी लोकेशन झारखंड-ओडिशा सीमा से लगे सिमडेगा के थाना सिमडेगा क्षेत्र में मिली।
इसके बाद वाराणसी पुलिस ने स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने निकला था
पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह घर की परिस्थितियों से काफी आहत था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए काम की तलाश में वह साइकिल से घर से निकला था। रास्ते में उसे ओडिशा जा रहा एक ट्रक मिला, जिसमें बैठकर वह झारखंड के सिमडेगा क्षेत्र तक पहुंच गया।
पुलिस की तत्परता से नाबालिग को समय रहते बरामद कर लिया गया और उसके गलत हाथों में पड़ने या किसी अनहोनी का शिकार होने की आशंका टल गई।
पुलिस आयुक्त से मिले परिजन
17 अगस्त 2026 को नाबालिग के परिजनों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए वाराणसी पुलिस का आभार जताया। परिजन इस दौरान भावुक नजर आए।
पुलिस आयुक्त ने नाबालिग से बातचीत कर उसकी समस्या को समझा और बिना बताए घर से निकलने के संभावित गंभीर परिणामों के बारे में समझाया। उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न करने की नसीहत दी। साथ ही परिजनों को भी बच्चे के साथ संवाद और सहयोग बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस आयुक्त ने नाबालिग की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली SOG, सर्विलांस सेल और थाना बड़ागांव पुलिस टीम की सराहना की और संवेदनशील मामलों में इसी तरह त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
