Movie prime

प्यार में पागल प्रेमी का खौफनाक कदम - वाराणसी में प्रेमिका का गला दबाया, खुद फांसी लगाने पहुंचा लखनऊ

 
प्यार में पागल प्रेमी का खौफनाक कदम - वाराणसी में प्रेमिका का गला दबाया, खुद फांसी लगाने पहुंचा लखनऊ
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I लंका थाना क्षेत्र के मलहिया इलाके में स्थित रामावतार बिल्डा गेस्ट हाउस में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां रह रहे 26 वर्षीय प्रेमिका पर उसके प्रेमी ने हत्या की नीयत से गला दबाकर हमला किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया। युवक ने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर दरवाजा बाहर से बंद कर लखनऊ भाग निकला।

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच तीन-चार साल से प्रेम संबंध थे और वे बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। परिजनों को भी इसकी जानकारी थी। युवती बनारस के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। युवक को शक था कि उसकी प्रेमिका की किसी दूसरे लड़के से दोस्ती हो गई है और दोनों के बीच बातचीत होती है। दो दिन पहले युवक ने फोन पर युवती को बनारस बुलाया, जिस पर वह राजी हो गई। दोनों ने लंका क्षेत्र में गेस्ट हाउस का कमरा बुक करवाया और यहीं रहने लगे।

बीती रात करीब एक बजे इसी शक को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर युवक ने युवती का गला दबा दिया। उसे मृत समझकर वह कमरे से भाग निकला और लखनऊ पहुंच गया। वहां उसने सुसाइड करने की कोशिश की तथा घटना की जानकारी सोनभद्र में रहने वाले अपने परिजनों को दी। परिजनों ने लखनऊ पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया।

लखनऊ पुलिस से मिली सूचना पर लंका पुलिस मौके पर पहुंची और गेस्ट हाउस का दरवाजा तुड़वाया। अंदर युवती बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसे तुरंत बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया और पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक को भी हिरासत में ले लिया है। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी खुद युवक ने ही दी थी। दोनों दो दिन पहले गेस्ट हाउस में आए थे। पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि दूसरे लड़के से दोस्ती के शक में उसने यह कदम उठाया।