वाराणसी के बड़ागांव में पाइप गोदाम में लगी भीषण आग, 5 KM दूर तक दिखा धुएं का गुबार
वाराणसी : जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित अनेई बाजार में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जल निगम की रखी पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उससे उठता काले धुएं का विशाल गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास खाली जमीन पर जल निगम विभाग द्वारा जल जीवन मिशन योजना के तहत उपयोग होने वाली रिलायंस ब्रांड की काली पाइपें कई महीनों से रखी गई थीं। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक पाइपों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
फायर कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर कुछ पाइपों को अलग हटाने की कोशिश की, जिससे कुछ सामान को बचाया जा सका। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बड़ी संख्या में पाइपें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।
पानी खत्म होने से बढ़ी परेशानी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पानी खत्म हो गया, जिससे आग पर पूरी तरह काबू पाने में काफी मुश्किलें आईं। बाद में अतिरिक्त पानी की व्यवस्था कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी बाहरी कारण की जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
