काशी में बसने जा रहा नया शहर! 77 एकड़ में बनेगी ‘आनंद काशी’, PM मोदी करेंगे शिलान्यास
वाराणसी। करीब तीन दशक बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) शहर में नई टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। कल्लीपुर में करीब 77 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित ‘आनंद काशी’ टाउनशिप के पहले चरण में 1,004 आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे। परियोजना के रेरा अनुमोदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और मंजूरी मिलने के बाद अगले सप्ताह से पंजीकरण शुरू होने की संभावना है।
टाउनशिप को काशी की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक शहरी सुविधाओं के संगम के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना से संबंधित रिपोर्ट शासन की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भी भेजी गई है।
पहले चरण में 1,004 आवासीय प्लॉट
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, ‘आनंद काशी’ के पहले चरण में करीब 4,56,398.69 वर्गमीटर क्षेत्र में 1,004 आवासीय प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं। प्लॉट 72, 162, 200 और 288 वर्गमीटर के अलग-अलग आकार में उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा योजना में तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक भूखंड, एक शैक्षणिक भूखंड, एक हेल्थकेयर भूखंड, एक कम्युनिटी सेंटर और दो यूटिलिटी भूखंड भी प्रस्तावित किए गए हैं।
टाउनशिप के भीतर आवागमन के लिए 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जा रही हैं।
4.94 एकड़ में बनेगा सेंट्रल पार्क
‘आनंद काशी’ की डिजाइन में काशी की सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी। करीब दो हेक्टेयर यानी 4.94 एकड़ क्षेत्र में विशाल केंद्रीय पार्क विकसित किया जाएगा।
पार्क में नटराज की भव्य प्रतिमा और फव्वारे से सुसज्जित सेंट्रल प्लाजा प्रस्तावित है। इसके अलावा ओपन लॉन, एम्फीथिएटर, बच्चों के लिए प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, वरिष्ठ नागरिक जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ भी बनाए जाएंगे।
पार्क के आसपास पैदल यात्रियों के अनुकूल मार्केट प्लाजा और चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार बनाने की भी योजना है।
3.71 एकड़ में विकसित होगा मियावाकी वन
परियोजना की बाउंड्री के पास करीब 3.71 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी वन विकसित किया जाएगा। टाउनशिप के कुल क्षेत्रफल का न्यूनतम 15 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
इसके साथ ही जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली आपूर्ति और वर्षाजल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का निर्माण भी अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है।
काशी की थीम पर पहली समेकित गेटेड सिटी
वीडीए के मुताबिक, काशी की थीम पर विकसित होने वाली यह शहर की पहली समेकित गेटेड सिटी होगी। करीब 30 वर्षों बाद वीडीए इस स्तर की नई टाउनशिप विकसित कर रहा है।
रेरा से मंजूरी मिलने के बाद प्लॉटों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना का उद्देश्य आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित और प्रदर्शित करना है।
