Movie prime

आर्य महिला पीजी कॉलेज में नव मतदाता जागरूकता अभियान, कुलजीत सिंह चहल ने छात्राओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद अहम है। खासकर पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को आर्य महिला पीजी कॉलेज परिसर में नव मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद की ओर से संचालित चार शिक्षण संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और आगामी चुनावों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया।

..

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नई दिल्ली नगर निगम के उपाध्यक्ष एवं नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक कुलजीत सिंह चहल शामिल हुए। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदान है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवा मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं और विशेष रूप से बेटियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

...

कुलजीत सिंह चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने छात्राओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और आत्मप्रतिबद्धता का भाव युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाता है। यही भावना देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगी।

इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बेटियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले और उसके बाद की सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं आर्थिक परिस्थितियों का तुलनात्मक अध्ययन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश में हुए बदलावों को समझकर युवा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी देश के भविष्य को दिशा देती है। पहली बार मतदाता बनने जा रही छात्राओं को इस अवसर को एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा वाराणसी महानगर उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना दुबे, आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिभा यादव और आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल की प्रधानाचार्या अंजना दीक्षित मंच पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं का नव मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया गया। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने किया, जबकि संचालन सपना सिंह ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।