Movie prime

घाटों से पार्किंग तक सुरक्षा का प्लान तैयार, काशी के ग्रैंड एयर शो को लेकर पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण

 
घाटों से पार्किंग तक सुरक्षा का प्लान तैयार, काशी के ग्रैंड एयर शो को लेकर पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : काशी में प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि करीब 90 मिनट तक चलने वाले एयर शो में विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट आसमान में रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों किनारों से एयर शो देखने के लिए करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बड़े स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तैयार की जा रही है।

प्रवेश-निकास से लेकर होल्डिंग एरिया तक बनेगी व्यवस्था

भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने प्रवेश और निकास द्वार, होल्डिंग एरिया, बैरिकेडिंग तथा क्यू मैनेजमेंट की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गंगा के दोनों ओर चिह्नित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया।

उन्होंने अधिकारियों को बेतरतीब पार्किंग रोकने के साथ ही पैदल मार्ग, वैकल्पिक रास्ते और ट्रैफिक डायवर्जन की योजना पहले से तैयार करने को कहा, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट, आपातकालीन मार्ग और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एयर शो से पहले होगी मॉक ड्रिल

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन से पहले मॉक ड्रिल कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार, एडीसीपी काशी वैभव बांगर और एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।