174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के लिए काशी में विशेष अनुष्ठान, होगा एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप
वाराणसी। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में गंभीर संकट के दौरान साहस और सूझबूझ दिखाकर 174 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से भी इस अनुष्ठान में शामिल होने की अपील की गई है।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक, गुरुवार शाम नमो घाट और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर होने वाली गंगा आरती में भी कैप्टन मच्छार के स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान 21 शास्त्रियों द्वारा कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया जाएगा, जबकि 11 शास्त्री एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप करेंगे। इस आयोजन को सनातन परंपरा के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और विश्व-बंधुत्व की भावना को समर्पित बताया गया है।
फ्लाइट में हमले के बाद गंभीर रूप से घायल हुए कैप्टन
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर सह-पायलट द्वारा कथित तौर पर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 174 लोग सुरक्षित रहे।
रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के बाद कैप्टन मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके साहस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें उनकी बहादुरी के लिए सार्वजनिक रूप से धन्यवाद दिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
‘मानवता की सेवा का उदाहरण’
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन का कहना है कि संकट के समय लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना मानवता की सेवा का बड़ा उदाहरण है। इसी भावना के साथ कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुष्ठान और विशेष गंगा आरती में शामिल होकर कैप्टन मच्छार के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। आयोजन के माध्यम से साहस, एकजुटता और मानवता की सेवा का संदेश भी दिया जाएगा।
