एक 'पेड़ मां के नाम' अभियान : विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कबीरचौरा हॅास्पिटल में किया पौधारापण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को वाराणसी दक्षिण के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय और महिला चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधा लगाकर लोगों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
डॉ. तिवारी ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों से पौधारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की वास्तविक सफलता तब होगी, जब लगाए गए पौधे बड़े होकर समाज को शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इसके अलावा डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों के साथ भी बड़ी संख्या में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
