Movie prime

संविधान दिवस पर काशी में अनोखी पहल, 100 विद्यार्थियों ने चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता में दिखाया हुनर

 
….
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर काशी में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 26 नवंबर को INTACH (इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज) के वाराणसी चैप्टर ने क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई, वाराणसी के सहयोग से गुरुधाम मंदिर परिसर में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता के साथ छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, बाबतपुर के करीब 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

...

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक चित्र बनाए। इसमें कक्षा नौ के अनय बरनवाल ने पहला, अभिज्ञान कुमार वर्मा ने दूसरा और दक्षिता चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, निबंध प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपने विचारों और लेखन प्रतिभा से सभी का ध्यान खींचा। इस प्रतियोगिता में कक्षा नौ के युवराज प्रताप प्रथम, आशु चौधरी द्वितीय और ईशान मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को श्री राजीव रंजन ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में ज्ञान, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

छायाचित्र प्रदर्शनी में दिखी ऐतिहासिक विरासत की झलक

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्त्व विभाग की ओर से संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी देखी। इसके जरिए उन्हें प्रदेश के प्राचीन स्मारकों, पुरातात्त्विक स्थलों और उनके संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।

इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरुधाम मंदिर परिसर स्थित संरक्षित गुरुधाम मंदिर और कर्दमेश्वर महादेव मंदिर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने दोनों मंदिरों की स्थापत्य कला, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक महत्व को करीब से समझा। इस दौरान विद्यार्थियों को किताबी जानकारी के साथ ऐतिहासिक धरोहरों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और जानने का अवसर मिला।

संविधान की शपथ लेकर लिया नागरिक कर्तव्यों का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के बाद थाईलैंड से आए पर्यटकों के एक समूह ने भी गुरुधाम मंदिर का भ्रमण किया। इससे इस ऐतिहासिक स्थल की ओर विदेशी पर्यटकों की दिलचस्पी भी देखने को मिली।

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से शिक्षक राजेंद्र चतुर्वेदी, विकास तिवारी, स्तुति सिंह और कृष्णा मिश्रा मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई, वाराणसी की ओर से रूपेश झा, अभिषेक सिंह, सोहन मौर्य, वैभव सेठ, आरती सोनी, उमाशंकर पाल, मिथुन पासवान और रवि प्रकाश पटेल ने कार्यक्रम में सहभागिता की।