वाराणसी में सड़क सुरक्षा का अनोखा पाठ- ADCP ने बेटे से पिता को पहनवाया हेलमेट
वाराणसी। यातायात माह-2025 के तहत शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जोरों पर है। गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक एवं अपराध) शिवहरी मीना के नेतृत्व में पुलिस लाइन चौराहे पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया और उन्हें निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
इस दौरान एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला जब अपर पुलिस आयुक्त मीना ने बिना हेलमेट गाड़ी चला रहे एक पिता को रोका। उन्होंने परिवार के छोटे बच्चे से ही अपने पिता के सिर पर हेलमेट पहनवाया और बच्चे से शपथ दिलवाई कि “पापा अब बिना हेलमेट पहने बाइक लेकर घर से बाहर नहीं निकलेंगे।” यह भावुक पल देखकर वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। अपर पुलिस आयुक्त ने परिवार को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी भी दी।
हेलमेट वितरण कार्यक्रम में एडीसीपी ट्रैफिक, एसीपी ट्रैफिक, थाना प्रभारी ट्रैफिक सहित ट्रैफिक पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि यातायात माह के दौरान ऐसे जागरूकता अभियान शहर के विभिन्न चौराहों पर लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोग स्वयं हेलमेट पहनने की आदत डालें और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे।
