Movie prime

गिरवी जमीन छुड़ाने जा रहा था युवक, रामनगर में ऑटो में छूट गया रुपयों से भरा बैग

वाराणसी के रामनगर में बहन की शादी के लिए गिरवी जमीन छुड़ाने जा रहे युवक का 70 हजार रुपये से भरा बैग ऑटो में छूट गया। बैग वापस मिला लेकिन उसमें रखी रकम गायब थी। मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 
ऑटो में छूट गया रुपयों से भरा बैग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बहन की शादी के लिए गिरवी रखी जमीन छुड़ाने निकले युवक के साथ ऐसा हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। रामनगर क्षेत्र में ऑटो में सफर के दौरान युवक का पैसों से भरा बैग छूट गया। काफी तलाश के बाद बैग तो मिल गया, लेकिन उसमें रखे 70 हजार रुपये गायब थे। मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जिले के जमालपुर निवासी मुकेश चितरंजन स्थित एक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। बताया गया कि बहन की शादी के लिए उन्होंने पिछले वर्ष अपनी पैतृक जमीन गिरवी रख दी थी। उसी जमीन को छुड़ाने के लिए उन्होंने 70 हजार रुपये जुटाए थे।

गुरुवार शाम मुकेश रुपये बैग में रखकर घर लौटने के लिए ऑटो में सवार हुए। अमरा अखरी चौराहे पर एक नवदंपती भी उसी ऑटो में बैठ गया। टेंगरा मोड़ पर मुकेश ऑटो से उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में उनका बैग वाहन में ही छूट गया।

कुछ देर बाद जब उन्हें बैग छूटने की जानकारी हुई तो वह तुरंत चितईपुर लौटे और ऑटो चालक की तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह उन्हें वही ऑटो चालक मिल गया। चालक ने बताया कि उसके ऑटो से एक दंपती बैग लेकर रामनगर के बताऊबीर इलाके में उतरा था।

ऑटो चालक मुकेश को संबंधित पते पर लेकर पहुंचा, जहां एक महिला ने बैग वापस कर दिया। हालांकि बैग में रखे 70 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद मुकेश ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शिकायत मिलने पर रामनगर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में महिला ने दावा किया कि बैग उसके पति और एक दोस्त लेकर आए थे। पुलिस ने दोनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बैग से रुपये किसने निकाले।