प्रेमिका से मिलने चोरी-छिपे पहुंचा युवक पकड़ा गया, नाबालिग के साथ रहने की जिद पर थाने में चली पांच घंटे पंचायत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को शनिवार देर रात परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। मामला उस समय और उलझ गया जब युवती ने युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा और घंटों चली पंचायत के बाद समझौते के साथ मामला शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना के पीछे स्थित एक गांव के रहने वाले युवक का अपने ही गांव की एक अन्य जाति की किशोरी से पिछले चार वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि युवक अक्सर चोरी-छिपे युवती से मिलने उसके घर पहुंचता था। शनिवार की रात भी वह युवती के घर पहुंचा, जहां बाथरूम के पास दोनों के मिलने के दौरान परिजनों ने युवक को पकड़ लिया।
युवक के पकड़े जाने के बाद किशोरी ने उसके साथ रहने की जिद शुरू कर दी। इसके बाद रविवार सुबह युवती के परिजन उसे युवक के घर छोड़ने पहुंचे, लेकिन युवक के परिवार ने उसे अपने घर में रखने से इनकार कर दिया। इस पर युवती ने यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस दोनों को मिर्जामुराद थाने लेकर पहुंची। थाने में दोनों पक्षों के बीच करीब पांच घंटे तक पंचायत चली। किशोरी लगातार युवक के साथ रहने की बात कहती रही, जबकि उसके परिजन भी शादी के लिए सहमत बताए गए। हालांकि, किशोरी की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण पुलिस कानूनी स्थिति को लेकर असमंजस में रही।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। पंचायत में दोनों को भविष्य में एक-दूसरे से प्रेम संबंध नहीं रखने की हिदायत दी गई, जिसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।
