वाराणसी में AAP प्रवक्ता मुकेश सिंह गिरफ्तार, स्कूल की बदहाली का वीडियो पोस्ट करने पर पुलिस का एक्शन
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी स्कूल की स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को भारी पड़ गया। आदमपुर थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की जांच कर रही है।
दरअसल, AAP की ओर से उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुकेश सिंह ने आदमपुर क्षेत्र स्थित कोनिया प्राथमिक विद्यालय (कोनिया पंचायत भवन) का वीडियो बनाकर अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था। पोस्ट में दावा किया गया था कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने के लिए स्कूल को बंद कर दिया गया है।
प्रधानाध्यापक ने दावों को बताया भ्रामक
मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों को भ्रामक और असत्य बताया। प्रधानाध्यापक के मुताबिक, जुलाई 2023 में जर्जर भवन की छत का एक हिस्सा गिर गया था। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल की कक्षाएं पास के कोनिया सट्टी प्राथमिक विद्यालय के भवन में स्थानांतरित कर दी गई थीं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल बंद नहीं हुआ है। वर्तमान में स्कूल में 52 बच्चे नामांकित हैं और शिक्षक नियमित रूप से उन्हें पढ़ा रहे हैं। पुराने भवन का मामला अदालत में लंबित है और स्टे ऑर्डर होने के कारण वहां नया निर्माण नहीं कराया जा सकता।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
प्रधानाध्यापक की शिकायत के आधार पर आदमपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और इसके बाद AAP प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस वीडियो के साथ सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों और उसके तथ्यों की जांच कर रही है।
