वाराणसी के कोनिया प्राथमिक विद्यालय को लेकर भ्रामक पोस्ट डालना AAP प्रदेश प्रवक्ता को पड़ा भारी, दर्ज हुई FIR
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिक विद्यालय कोनिया के प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय ने आरोप लगाया है कि मुकेश सिंह ने अपने एक्स हैंडल से विद्यालय को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की। प्रधानाध्यापक का कहना है कि विद्यालय बंद नहीं हुआ है, बल्कि जुलाई 2023 में भवन की छत गिरने के बाद उसे पास के दूसरे विद्यालय के भवन में स्थानांतरित किया गया था।
प्रधानाध्यापक के मुताबिक, मुकेश सिंह ने 21 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे अपने एक्स अकाउंट @MukeshSingh42 से 2 मिनट 10 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में आरोप लगाया गया कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने के लिए कोनिया पंचायत भवन परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय को बंद कर दिया गया है और बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ रहा है।
छत गिरने के बाद दूसरे विद्यालय में किया गया शिफ्ट
कमलेश दत्त पांडेय ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कोनिया को बंद नहीं किया गया है। 3 जुलाई 2023 को विद्यालय की छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया था। इसके बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 19 जुलाई 2023 को खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विद्यालय को पास स्थित कोनिया सट्टी प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया था।
प्रधानाध्यापक के अनुसार, वर्तमान में विद्यालय में 52 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन बच्चों को एक प्रधानाध्यापक, दो सहायक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र पढ़ा रहे हैं।
जमीन और भवन का मामला अदालत में लंबित
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय के भवन और जमीन को लेकर मामला सिविल जज चतुर्थ (जूनियर डिवीजन) की अदालत में विचाराधीन है। विपक्षी पक्ष की ओर से स्टे लिए जाने के कारण विद्यालय भवन का दोबारा निर्माण नहीं कराया जा सका है। इसी वजह से मूल भवन में पढ़ाई संचालित नहीं हो रही है।
उनका आरोप है कि मुकेश सिंह ने इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जाने बिना सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया, जिससे लोगों के बीच विद्यालय बंद होने और बच्चों को शिक्षा से वंचित किए जाने की गलत धारणा बनी।
थाने में दी गई तहरीर, पुलिस ने दर्ज की FIR
प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय ने इस पोस्ट को आधार बनाते हुए मुकेश सिंह और वीडियो में मौजूद उनके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ आदमपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने पोस्ट को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मुकेश सिंह के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भी पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र में 30 हजार की आबादी को शिक्षा से वंचित कर दिया गया और स्कूल बंद कर दिया गया...।#schoolthikkaro pic.twitter.com/pZi5JJnnyM
— Mukesh Singh (@MukeshSingh42) August 21, 2026
