BHU में ABVP का अनिश्चितकालीन धरना 10वें दिन भी जारी, प्रतीकात्मक शव बनकर छात्रों ने जताया विरोध
Varanasi : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे समेत छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 10वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से शव बनकर लेटकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
ABVP का यह अनिश्चितकालीन धरना 23 सितंबर से चल रहा है। संगठन चीफ प्रॉक्टर को हटाने के साथ परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट, बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
प्रतीकात्मक शव बनकर जताया विरोध
ABVP कार्यकर्ताओं ने विश्वनाथ मंदिर परिसर के समीप प्रदर्शन किया। संगठन के मुताबिक, लगातार आंदोलन के बावजूद उसकी प्रमुख मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं होने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक शव बनकर प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताई।
इससे पहले आंदोलन के आठवें दिन भी ABVP कार्यकर्ताओं ने चीफ प्रॉक्टर के विरोध में प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली थी।
‘छात्र सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए’
ABVP बीएचयू इकाई के अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि धरने के 10 दिन पूरे होने के बावजूद संगठन की प्रमुख मांग पर ठोस निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्र सुरक्षा किसी भी विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की आवाज सुनकर उनकी मांगों पर निर्णय लेना चाहिए।
सुरक्षा, CCTV और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा भी उठाया
इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने, अनधिकृत प्रवेश रोकने और मधुबन पार्क समेत सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव की मांग उठाई।
ABVP की अन्य मांगों में छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों एवं दंडात्मक कार्रवाइयों की समीक्षा, कथित उत्पीड़न पर रोक, 12 सितंबर की सभागार आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, परिसर में मादक पदार्थों के सेवन पर प्रभावी रोक और छात्रहित से जुड़े प्रशासनिक निर्णयों में पारदर्शिता शामिल है। आंदोलन की शुरुआत से ही संगठन इनमें से कई मांगें उठा रहा है।
हालांकि, पूर्व की रिपोर्टों के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग को छोड़कर प्रदर्शनकारियों की अन्य मांगें स्वीकार करने की बात कही थी। इसके बावजूद ABVP चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है।
संगठन ने कहा कि मांगों पर संतोषजनक निर्णय होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। शुक्रवार के प्रदर्शन में अर्पण, विश्वास, समर्थ, हर्षित और नम्रता समेत अन्य ABVP कार्यकर्ता मौजूद रहे।
