Movie prime

अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय, RTI और जनहित गारंटी अधिनियम पर कमिश्नरी में लगी पाठशाला

 
.…
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को कमिश्नरी ऑडिटोरियम में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश जनहित गारंटी अधिनियम-2011 और सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

..

कार्यशाला में वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों के पदाविहित अधिकारियों, जन सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को दोनों कानूनों के प्रावधानों की जानकारी देना और आम नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला में नोडल अधिकारी एवं स्टेट रिसोर्स पर्सन डॉ. राहुल सिंह ने सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किन परिस्थितियों में नागरिकों को मांगी गई सूचना उपलब्ध कराना अनिवार्य है और किन मामलों में सूचना देने से छूट मिल सकती है। इसके साथ ही RTI की विभिन्न धाराओं, आवेदन के निस्तारण, प्रथम एवं द्वितीय अपील की प्रक्रिया और सूचना देने में लापरवाही बरतने पर लगने वाले जुर्माने के प्रावधानों को भी समझाया। उन्होंने जुर्माने के खिलाफ अपील की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

वहीं, वीके गंगवार ने उत्तर प्रदेश जनहित गारंटी अधिनियम-2011 के प्रावधानों पर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम का उद्देश्य नागरिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और सेवा देने में लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करना है।

उन्होंने RTI और जनहित गारंटी अधिनियम के बीच समानताओं को समझाते हुए कहा कि दोनों कानूनों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना और नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान सेवा वितरण की समयसीमा, शिकायत निवारण तंत्र और जवाबदेह प्रशासन की जरूरत पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में पंकज सक्सेना, उप मुख्य निरीक्षक, शोध अधिकारी विपिन यादव, प्रशासनिक सुधार विभाग की निरीक्षक प्रज्ञा सिंह सहित विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी मौजूद रहे।