वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से बार-बार संबंध बनाने का आरोप, सिगरा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोज मौर्या (28) के रूप में हुई है। वह प्रकाश मौर्या का पुत्र है। उसका स्थायी पता मंडुवाडीह के गेट नंबर-3 के पास, जबकि वर्तमान पता अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी, नगर निगम क्षेत्र, थाना सिगरा बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को 15 सितंबर 2026 को अमूल डेयरी के पास, थाना सिगरा क्षेत्र से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई मु0अ0सं0 0394/2026 के तहत दर्ज मामले में की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस प्रेस-नोट के मुताबिक, अभियुक्त के खिलाफ वर्ष 2017, 2018, 2019 और 2024 में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, छेड़छाड़, धमकी, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
अभियुक्त के खिलाफ दर्ज प्रमुख मुकदमों में मंडुवाडीह थाने का वर्ष 2017 का पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामला, वर्ष 2019 का दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का मामला और वर्ष 2024 का भेलूपुर थाने में दर्ज मुकदमा शामिल है।
गिरफ्तारी के बाद सिगरा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक शिवम्, आरक्षी प्रभाकर सिंह यादव और आरक्षी मनीष कुमार गोंड शामिल रहे।
