एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर में किया दर्शन-पूजन
फिल्म अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक कर परिवार, देश और समाज के कल्याण की कामना की। मंदिर प्रशासन ने उनका स्वागत कर धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी दी।
वाराणसी: फिल्म अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता अहूजा ने रविवार को वाराणसी के कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा मार्कण्डेश्वर महादेव के समक्ष परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और देशवासियों के कल्याण की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन और पुजारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य प्रशासनिक पुजारी मुन्ना गुरु ने उनका पूजन-अर्चन संपन्न कराया। पूजा के दौरान सुनीता आहूजा ने जलाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया और भेंट-प्रसाद ग्रहण किया।

काशी के धार्मिक स्थलों का भी किया भ्रमण
जानकारी के अनुसार, सुनीता आहूजा विशेष रूप से काशी में दर्शन-पूजन के उद्देश्य से आई थीं। उन्होंने वाराणसी के अन्य प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को मुंबई से वाराणसी पहुंची थीं और अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान विभिन्न पूजा-अर्चना कार्यक्रमों में शामिल हुईं।
मंदिर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से हुईं परिचित
पूजन के उपरांत मंदिर के मुख्य प्रशासनिक पुजारी मुन्ना गुरु ने उन्हें श्री मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर के धार्मिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मार्कण्डेय महात्म्य से जुड़े प्रसंगों पर भी प्रकाश डाला।
सुनीता आहूजा ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और वहां के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की।
सुनीता आहूजा के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए। उनके दर्शन-पूजन के दौरान परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रशासन ने उनके आगमन को लेकर विशेष तैयारियां भी की थीं।
हाल के दिनों में चर्चा में रहीं सुनीता आहूजा
गौरतलब है कि सुनीता आहूजा हाल के दिनों में अभिनेता गोविंदा के साथ अपने संबंधों को लेकर दिए गए बयानों के कारण चर्चा में रही हैं। इसके अलावा वह हाल ही में अपने भांजे Krushna Abhishek के शो में भी नजर आई थीं, जहां उन्होंने परिवार को अपना आशीर्वाद दिया था।
