Movie prime

नए विज्ञापन टेंडर और यूनिपोल को लेकर विज्ञापन कारोबारियों ने जताई चिंता, नगर आयुक्त से की मुलाकात
 

 
 नए विज्ञापन टेंडर और यूनिपोल को लेकर विज्ञापन कारोबारियों ने जताई चिंता, नगर आयुक्त से की मुलाकात
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। पूर्वांचल एडवरटाइजर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर विज्ञापन व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नए विज्ञापन टेंडर और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे यूनिपोल (विज्ञापन होर्डिंग) को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि नए टेंडर की प्रक्रिया और यूनिपोल स्थापना को लेकर विज्ञापन व्यवसायियों के बीच असमंजस एवं असंतोष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि विज्ञापन से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के अनुरूप किए जाएं, ताकि किसी भी व्यापारी के हित प्रभावित न हों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना रहे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विज्ञापन कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम सभी बिंदुओं की समीक्षा कर उचित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

बैठक के दौरान एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि नए टेंडर और यूनिपोल स्थापना से जुड़े मामलों में जल्द स्पष्टता लाई जाएगी, जिससे विज्ञापन उद्योग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो सके। नगर आयुक्त के सकारात्मक रुख और आश्वासन पर प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर पूर्वांचल एडवरटाइजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल में डब्लू राय, जितेंद्र, राबेंद्र मिश्रा, विशाल मौर्य, वकील यादव, वीरेंद्र तथा अंशु कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।