काशी विश्वनाथ धाम के बाहर अधिवक्ताओं से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया मंदिर प्रशासन, शुरू की जांच
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम (Shri Kashi Vishwanath Dham) के गेट नंबर-4 के बाहर अधिवक्ताओं से कथित मारपीट और छिनैती के आरोपों के बाद मंदिर प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े वीडियो और सूचनाएं सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर न्यास ने इसका संज्ञान लिया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह काशीवासियों के लिए निर्धारित दर्शन समय के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धनराशि छीनने जैसी घटना हुई।
मंदिर न्यास ने शुरू की जांच
मंदिर प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वीडियो किस स्थान का है और न ही घटना की आधिकारिक पुष्टि हो सकी है।
इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान गेट नंबर-4 पर एक व्यक्ति दर्शन व्यवस्था और कतार संबंधी नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया।
प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिला से दुर्व्यवहार मामले में हेड कांस्टेबल निलंबित
इसी बीच Satyanarayan Temple के पास महिला से दुर्व्यवहार और मारपीट का एक अन्य मामला भी सामने आया है। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
डीसीपी काशी Gaurav Banswal ने बताया कि वीडियो की जांच में पता चला कि घटना मंगलवार की है। आरोप है कि 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में तैनात हेड कांस्टेबल राधेश्याम यादव ने एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की।
जानकारी के मुताबिक महिला का फूल विक्रेताओं से विवाद हो रहा था, तभी मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल ने महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद पीएसी के सेनानायक ने आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
