लखनऊ अग्निकांड के बाद वाराणसी में एक्शन मोड में प्रशासन, चेकिंग टीम पहुंचते ही हटने लगे बैनर-पोस्टर, कई कोचिंग सेंटरों पर लटके मिले ताले
वाराणसी। लखनऊ के कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड के बाद वाराणसी प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले में कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई संस्थानों का निरीक्षण किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आनंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। जांच टीम के पहुंचते ही कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों पर ताले लगा दिए, जबकि कुछ संचालक मौके से चले गए। कई स्थानों पर बैनर और पोस्टर हटाने तथा विज्ञापन बोर्डों को कागज से ढंकने की भी तस्वीरें सामने आईं।

सुरक्षा मानकों की हुई जांच
संयुक्त टीम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की। अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
संचालकों में दिखी बेचैनी
स्थानीय लोगों के अनुसार, चेकिंग अभियान शुरू होते ही क्षेत्र में काफी हलचल बढ़ गई। कई संस्थान संचालक आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंतित नजर आए। कुछ प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को जल्दबाजी में दस्तावेज व्यवस्थित करते हुए भी देखा गया।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद वाराणसी में शुरू हुआ यह अभियान शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा, ताकि सभी शिक्षण संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
