वाराणसी में अग्निवीर भर्ती 2026: 1 फरवरी से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण
वाराणसी: छावनी स्थित सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 तक चलेगी।
इस भर्ती में भाग लेने के इच्छुक युवा भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। कर्नल शैलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से ही होगी और निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी एजेंट, दलाल या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करें। इससे धोखाधड़ी और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।
अग्निवीर भर्ती से जुड़ी रैली की तिथियां, स्थान तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें ताकि कोई महत्वपूर्ण अपडेट छूट न जाए।
