Movie prime

मानसून से पहले वाराणसी प्रशासन अलर्ट मोड में, बोले कमिश्नर- माह के अंत तक हर हाल में पूरी हो नालों की सफाई

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मानसून के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस माह के अंत तक शहर के सभी नालों और नालियों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

रविवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित मानसून एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों से मानसून पूर्व किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

..

बिजली व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट पर विशेष जोर

मंडलायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में अंडरग्राउंड वायरिंग के दौरान लगाए गए डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स को जमीन से ऊपर सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित किया जाए। उन्होंने विद्युत तारों को प्लास्टिक से बांधने की प्रथा पर रोक लगाने और अभियान चलाकर सभी तारों को प्लास्टिक मुक्त कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति, कटौती और अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के व्हाट्सएप समूहों में नियमित रूप से साझा की जाए, ताकि जनता को समय पर सूचना मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों को शत-प्रतिशत चालू रखने के निर्देश दिए और खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।

सीवर, सड़क और बैरिकेडिंग पर भी निर्देश

मंडलायुक्त ने कहा कि जहां भी सीवर, बिजली या अन्य कार्यों के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टूटे या खुले सीवर ढक्कनों को तत्काल बदलने और मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया गया कि सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों के दौरान जमा मलबे को तुरंत हटाया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

घाटों पर विकसित होगा एकीकृत सुरक्षा तंत्र

बैठक में मंडलायुक्त ने सभी घाटों पर एकीकृत पब्लिक एड्रेस सिस्टम विकसित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और आपातकालीन सायरन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने और बाढ़ के समय नावों में लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

बाढ़ की स्थिति के लिए पहले से हो तैयारी

मंडलायुक्त ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पर्याप्त संख्या में रैन बसेरों की स्थापना और जरूरतमंदों के लिए फूड पैकेट वितरण की कार्ययोजना पहले से तैयार रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।