Movie prime

अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने पहुंचे अजय राय, कहा- शंकराचार्य को बदनाम करने की साजिश, पीएम मोदी को देंगे ज्ञापन

वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने श्रीविद्या मठ पहुंचकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की और समर्थन जताया। उन्होंने सरकार पर बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया और ऐलान किया कि कांग्रेस बुधवार को पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपेगी।

 
अविमुक्तेश्वरानंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बाल यौन शोषण के आरोपों से घिरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति में जुट गया है। सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शंकराचार्य से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया था। वहीं मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने श्रीविद्या मठ पहुंचकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।

श्रीविद्या मठ पहुंचकर जताया समर्थन

मंगलवार को अजय राय एक प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीविद्या मठ पहुंचे और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी शंकराचार्य के साथ खड़ी है। अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार एक सुनियोजित साजिश के तहत शंकराचार्य को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी और पूरी मजबूती से इसका विरोध करेगी।

सरकार को दी चेतावनी, कहा- बदनाम करना बंद करे

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि शंकराचार्य को परेशान और बदनाम करना तुरंत बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि वह दिवंगत शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के समय से इस आश्रम से जुड़े हैं और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लंबे समय से जानते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद केवल काशी ही नहीं, बल्कि पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के केंद्र हैं और उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।

धर्मगुरु के अपमान का आरोप

अजय राय ने कहा कि जहां भी धर्म को सताया जाएगा, वहां कांग्रेस मजबूती से खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य जैसे धर्मगुरु, जिन्हें लोग भगवान के समान मानते हैं, उनका अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था का भी मामला है और कांग्रेस इसे गंभीरता से ले रही है।

पूरे प्रदेश में आंदोलन का ऐलान, पीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ऐलान किया कि इस मुद्दे को लेकर बुधवार को पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।