Movie prime

वाराणसी में रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली AK-47, जांच में पता चला CRPF जवान का...

वाराणसी के जैतपुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर AK-47 राइफल मिलने से हड़कंप मच गया। हथियार भरी मैगजीन के साथ बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह CRPF जवान का हथियार है, जो ट्रेन से गिर गया था। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

 
रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली AK-47
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह AK-47 राइफल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भरी मैगजीन के साथ अत्याधुनिक हथियार मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह एक स्थानीय युवक ने रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हथियार पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और AK-47 राइफल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि बरामद राइफल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की है। बताया जा रहा है कि CRPF की एक टुकड़ी ट्रेन के माध्यम से पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी के लिए जा रही थी, इसी दौरान यह हथियार किसी तरह ट्रेन से नीचे गिर गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी, एडीसीपी और एसीपी चेतगंज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से समन्वय स्थापित कर जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पता चला कि संबंधित ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर खड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने CRPF टुकड़ी के कमांडर से संपर्क किया, जहां पुष्टि हुई कि एक जवान का AK-47 रास्ते में कहीं गिर गया था, जिसकी जानकारी उन्हें तत्काल नहीं हो सकी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद हथियार को CRPF के कमांडर को सौंप दिया गया है।