काशी में अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, बोले- भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा, क्योटो के वादे पर भी कसा तंज
वाराणसी। वाराणसी की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को पहली बार काशी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। भाजपा जाएगी तो हमारा किसान मुस्कुराएगा और युवा मुस्कुराएंगे।"
अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी को क्योटो बनाने के वादे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि काशी को क्योटो तो नहीं बना पाए, लेकिन कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देते। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्योटो की तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई?
एमएलसी चुनाव में जीत को बताया बाबा विश्वनाथ का दोहरा आशीर्वाद
वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत को अखिलेश यादव ने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा, "बाबा विश्वनाथ जी ने आशुतोष सिन्हा को जिताया, लाल बिहारी को जिताया। इसलिए बाबा विश्वनाथ ने दोहरा आशीर्वाद दिया।"
गौरतलब है कि वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की है।
केंद्र की सरकार को लखनऊ वाले दे रहे धोखा- अखिलेश
भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि भाजपा के सत्ता से बाहर होने पर बनारस के लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटेगी।
इस दौरान उन्होंने वाराणसी की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। नालों को ढकने और शहर में मेट्रो के निर्माण का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेट्रो बनाने का काम किया जाएगा।
'नकली सनातनियों के बयानों से देश के लोग दुखी'
धार्मिक मुद्दों पर भी सपा प्रमुख ने भाजपा को घेरा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम को लेकर दिए जा रहे बयानों पर नाराजगी जताई। अखिलेश यादव ने कहा कि वह स्वयं भगवान शिव और केदारेश्वर के भक्त हैं। उन्होंने अपने घर में केदारेश्वर मंदिर बनवाने का जिक्र करते हुए कहा कि वह बिना पूजा किए और हाथ जोड़े घर से नहीं निकलते।
उन्होंने कुछ लोगों को 'नकली सनातनी' बताते हुए आरोप लगाया कि भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम को लेकर की जा रही टिप्पणियों से देश और दुनिया के लोग दुखी हैं।
बुनकरों की बदहाली और गंगा की सफाई पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने वाराणसी के बुनकरों की समस्याओं और मां गंगा की स्वच्छता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि बनारस के बुनकरों का हाल क्यों नहीं पूछा गया?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने न केवल मां गंगा को भुलाया, बल्कि मां गंगा को धोखा भी दिया है। इस दौरान उन्होंने वाराणसी के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
