वाराणसी में भीषण गर्मी के बीच सपा नेताओं ने बांटा गन्ने का जूस, राहगीरों को मिली राहत
वाराणसी I वाराणसी के काशी कचहरी सर्किट हाउस के सामने बढ़ती गर्मी को देखते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए गन्ने के जूस का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को जूस पिलाकर गर्मी से राहत देने का प्रयास किया गया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सचिव (पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) अधिवक्ता किशन सेठ ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रहती है और हर आपदा में लोगों का ख्याल रखती है। उन्होंने बताया कि तेज धूप और गर्मी को देखते हुए आम लोगों को राहत देने के लिए यह पहल की गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष सेठ ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने नगर निगम से शहर के विभिन्न स्थानों पर ठंडे पानी के टैंकर लगाने की मांग भी की।
जिला अध्यक्ष आशुतोष सेठ ने कहा कि बढ़ती गर्मी से आम जनता परेशान है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और लगातार पानी या ग्लूकोज का सेवन करते रहें, ताकि लू से बचाव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के हित में कार्य करती रहेगी और ऐसे सामाजिक कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
