अधिवक्ता राजा ज्योति सिंह की मौत में नया मोड़, अमित सिंह टाटा की मां ने कहा- बेटे पर लगाए जा रहे झूठे आरोप
कफ सिरप तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह टाटा की मां बिना सिंह ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर बताया कि उनका बेटे पर राजा आनंद ज्योति सिंह की हत्या का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच व फोरेंसिक रिपोर्ट में हत्या के कोई सबूत नहीं मिले थे, फिर भी मृतक का परिवार सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैला रहा है।
वाराणसी: सेंट्रल बार के पूर्व उपाध्यक्ष राजा आनंद ज्योति सिंह की हत्या के मामले में शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा का नाम सामने आया है। राजा आनंद की पत्नी ने डिप्टी सीएम से मिलकर इस मदद की गुहार लगाई थी। अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है जहां, अमित सिंह टाटा की मां बिना सिंह ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे अमित को फंसाने की साजिश की बात कही है।
अमित सिंह टाटा की मां बिना सिंह ने पुलिस कमिश्नर, वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार यह दावा किया जा रहा है कि उनके बेटे ने राजा आनंद ज्योति सिंह की हत्या कराई है, जबकि इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं है और न ही जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने आया है।
उन्होंने कहा कि राजा आनंद ज्योति सिंह की मौत के बाद उसके पिता ने अमित सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ थाना चेतगंज में शिकायती पत्र दिया था। विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने अमित सिंह को निर्दोष पाया और कोई एफआईआर दर्ज नहीं की।
बाद में मृतक के पिता ने मजिस्ट्रेट अदालत में आवेदन दिया, जहां से मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश हुए। पुलिस ने फोरेंसिक रिपोर्ट, विषरा रिपोर्ट और बयान दर्ज कर पूरी रिपोर्ट न्यायालय में दी, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि मौत का कारण अत्यधिक शराब पीना था, न कि हत्या। बिना सिंह ने आरोप लगाया है कि इसके बाद भी मृतक के पिता लगातार सोशल मीडिया और पत्रकारों के सामने गलत बातें फैला रहे हैं और मेरे बेटे को बदनाम करने की कोशिश कर रहे है।
