कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल… रिटायर हुए अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में मंगलवार को भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुए अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी को पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उनके लंबे, निष्ठावान और बेदाग सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि आलोक प्रियदर्शी का लंबा और गौरवपूर्ण सेवाकाल पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने अपने अनुभव, कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण से विभाग को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रियदर्शी की कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी। उन्होंने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा जैसी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने सेवानिवृत्त अपर पुलिस आयुक्त के साथ बिताए कार्यकाल और उनके अनुभवों को भी याद किया। माहौल भावुक रहा और सहकर्मियों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंत में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आलोक प्रियदर्शी के सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में उनकी दीर्घ एवं समर्पित सेवा को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
