Movie prime

वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो यात्री का हंगामा, टूटा मिला बैग का लॉक, मुआवजे की मांग

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भुवनेश्वर से कोलकाता होते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री ने इंडिगो एयरलाइन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्री का कहना है कि यात्रा के दौरान उनके चेक-इन बैग का लॉक टूट गया, लेकिन एयरलाइन के स्थानीय अधिकारियों ने उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर जांच और उचित मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हिमांशु नामक यात्री इंडिगो की फ्लाइट से भुवनेश्वर से कोलकाता होते हुए वाराणसी पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर सामान प्राप्त करने के दौरान उन्होंने देखा कि उनके चेक-इन बैगेज का लॉक टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद एयरलाइन अधिकारियों से इसकी शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया।

यात्री का आरोप है कि एयरलाइन के स्थानीय प्रबंधन ने शिकायत दर्ज करने से इनकार करते हुए उनसे यात्रा से पहले बैग की तस्वीर दिखाने को कहा। अधिकारियों का कहना था कि पहले यह साबित किया जाए कि उड़ान से पहले बैग का लॉक सही स्थिति में था।

इस पर यात्री ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए लिखा कि क्या हर यात्री से यह उम्मीद की जा सकती है कि वह हर उड़ान से पहले अपने सामान की फोटो खींचकर रखे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इंडिगो एयरलाइन ने भी प्रतिक्रिया दी। एयरलाइन ने एक्स पर जवाब देते हुए यात्री से डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से अपना पीएनआर साझा करने का अनुरोध किया और कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, इंडिगो के स्थानीय प्रबंधन से संपर्क किए जाने पर उन्होंने इस मामले में सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। उनका कहना था कि वे सीधे संबंधित यात्री से ही बातचीत करेंगे।

फिलहाल मामले की जांच और एयरलाइन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।