काशी के मंदिरों में अनंत अंबानी ने दिया 1 करोड़ रुपये का दान, बाबा विश्वनाथ-अन्नपूर्णा मंदिर में की पूजा
अनंत अंबानी सोमवार को वाराणसी पहुंचे और बाबा काशी विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। बाबा का अभिषेक करने के बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णेश्वरी के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की और एक करोड़ रुपये दान में अर्पित किए। अन्नक्षेत्र में सहयोग का भरोसा भी दिया।
वाराणसी: उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी सोमवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दरबार में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मां अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने एक करोड़ रुपये दान में अर्पित किए। साथ ही मंदिर के अन्नक्षेत्र में सहयोग का भरोसा भी दिया।
बाबा विश्वनाथ का अभिषेक कर मां अन्नपूर्णा के दरबार पहुंचे
अनंत अंबानी सोमवार शाम करीब 3:30 बजे निजी विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल के बीच अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह दर्शन-पूजन के लिए रवाना हुए।
काशी विश्वनाथ मंदिर में अर्चक पंडित टेकनारायण और पंडित संजय पांडेय ने उन्हें विधिवत पूजन कराया। इस दौरान अनंत अंबानी ने बाबा का अभिषेक किया और करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वह मां अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां षोडशोपचार पूजन और कुमकुमार्चन किया। मंदिर में अंबानी समूह की उन्नति के लिए पूजा-अर्चना के साथ उन्होंने मां के चरणों में एक करोड़ रुपये अर्पित किए।
अन्नक्षेत्र में सहयोग का दिया भरोसा
मां अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा के दौरान अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम के 21 बटुकों ने वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ किया। दीपक शास्त्री, अर्जुन शास्त्री और पप्पू महाराज ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।
पूजन के बाद अनंत अंबानी को प्रसाद, मां की चुनरी और अन्नेश्वरी का खजाना भेंट किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के अन्नक्षेत्र में सहयोग का भरोसा भी दिया। अनंत अंबानी ने महंत स्वामी शंकर पुरी महाराज से मोबाइल पर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके स्वागत में प्रदीप श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
