Movie prime

गर्मी में क्या आप भी खा रहे हैं मिलावटी आइसक्रीम? वाराणसी में FSDA का बड़ा एक्शन, 22 सैंपल जांच के लिए सीज

वाराणसी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आइसक्रीम, कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की। शहर के कई इलाकों में छापेमारी कर 22 नमूने जांच के लिए सीज किए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिलावट मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भीषण गर्मी के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर आइसक्रीम, कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुल 22 खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए सीज किए गए हैं।

एफएसडीए के सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय कौशलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष प्रवर्तन दल ने 26 मई से 29 मई तक जिले के कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान शिवपुर, सुन्दरपुर, राजातालाब, सारनाथ और आदमपुर समेत प्रमुख बाजारों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

अधिकारियों के मुताबिक अभियान के दौरान कुल 29 दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में कई जगह अनियमितताएं मिलने पर 15 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। टीम ने बाजार में बिक रही आइसक्रीम, आइस कैंडी, आइस लालीज और कुल्फी की गुणवत्ता की जांच के लिए अलग-अलग ब्रांडों और स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों के नमूने एकत्र किए।

खाद्य विभाग की टीम ने कुल 22 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा है। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद जिन नमूनों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाएगी, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में आइसक्रीम और कुल्फी की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार यादव, राजेश कुमार, सम्राट श्रीवास्तव, नीरज, आदित्य विक्रम, विजय बहादुर, रतनेश कुमार, जयहिन्द राम, राम चरन यादव, बिन्दु पाण्डेय, राज कुमार यादव, आनन्द और सन्तोष कुमार शामिल रहे।