सारनाथ क्षेत्र में चोरों का आतंक, तीन मकानों से 70 हजार नकद समेत लाखों का सामान चोरी
सारनाथ के अरिहंत नगर कॉलोनी में चोरों ने एक ही रात तीन घरों में सेंध लगाकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। परिवार विवाह समारोह में गए हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश चोर दिखे। कॉलोनीवासियों ने पुलिस गश्त की कमी को जिम्मेदार बताया और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
वाराणसी: सारनाथ के सिंहपुर स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी में चोरों ने बेखौफ होकर तीन अलग-अलग घरों का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई वारदातों से कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और इसे एक ही गिरोह की करतूत मान रही है।
हृदयपुर निवासी संजय सेठ अपने परिवार के साथ भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए नटनियादाई चले गए थे। इसी बीच चोर बाउंड्री फांदकर घर में घुसे और तीन कमरों का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, वाई-फाई राउटर और सीसीटीवी कैमरा तक उठा ले गए। सुबह जब परिवार लौटा तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर सभी हैरान रह गए। फुटेज में तीन नकाबपोश चोर साफ नजर आए।
फेज–टू में रहने वाले शहीद गांव, चंदौली निवासी एक सेवानिवृत्त व्यक्ति भी विवाह समारोह के लिए गांव गए थे। उनके मकान से चोरों ने लगभग 40 हजार रुपये नकद और बर्तन चोरी कर लिए। वहीं, कॉलोनी के ही सेवानिवृत्त दारोगा जमुना प्रसाद के मकान का ताला भी तोड़ा गया। परिवार के घर आने के बाद ही चोरी के सामान का पता चल सकेगा।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि रात में पुलिस की गश्त न होने से चोरों के हौसले बढ़े हैं। लगातार हो रहीं वारदातों के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
