13 महीने में कई बड़ी कार्रवाई, अब अर्जुन सिंह संभालेंगे मुगलसराय थाने की कमान, विजय प्रताप सिंह लाइन हाजिर
चंदौली। जिले में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। करीब चार महीने तक मुगलसराय कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह चकिया थाना प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह को मुगलसराय कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, डायल 112 के प्रभारी रहे संजय सिंह को चकिया थाने की कमान सौंपी गई है।
चकिया में कई अहम मामलों में की कार्रवाई
बता दें कि, अर्जुन प्रताप सिंह ने चकिया थाना प्रभारी के तौर पर करीब 13 महीने तक जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाने के साथ कई महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई की। उनके कार्यकाल में पुलिस ने कई मुठभेड़ों के दौरान अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा बड़े अपराधियों की धरपकड़ में भी पुलिस को सफलता मिली।
वाराणसी में भी निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
2015 बैच के उप निरीक्षक अर्जुन प्रताप सिंह चंदौली आने से पहले वाराणसी में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने सारनाथ थाने के साथ-साथ पुलिस के PRO कार्यालय में करीब ढाई वर्ष तक काम किया है।
अब अर्जुन प्रताप सिंह को जिले की महत्वपूर्ण और बेहद व्यस्त मुगलसराय कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। उनके सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की चुनौती होगी।
