Movie prime

नमो घाट पर सेना का पहरा, 25 अक्टूबर के मेगा एयर शो की तैयारी तेज; आम लोगों की एंट्री बंद

 
Varanasi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी के नमो घाट पर 25 अक्टूबर को प्रस्तावित मेगा एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को देखते हुए शुक्रवार को सेना ने पूरे घाट को अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद नमो घाट पर पर्यटकों और आम नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल घाट पर केवल सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।

एयर शो को लेकर वायु सेना के जवान तैयारियों में जुटे हैं। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही तकनीकी इंतजाम भी किए जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वायु सेना और थल सेना की ओर से तीन दिनों तक गंगा के ऊपर एयर शो आयोजित किया जाना है। इस दौरान आसमान में सैन्य विमानों के प्रदर्शन के जरिए भारतीय सेना की क्षमता और शौर्य का प्रदर्शन किए जाने की तैयारी है।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना है। उनके साथ अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा कारणों से नमो घाट पर आम लोगों का प्रवेश बंद रखा जाएगा।

गेट नंबर एक पर सेना की टीम तैनात

नमो घाट के गेट नंबर एक पर घाट के सुरक्षा गार्डों के साथ सेना की टीम भी तैनात की गई है। सुरक्षा कर्मी आने-जाने वालों पर नजर रख रहे हैं, ताकि आयोजन की तैयारियों के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।

फिलहाल नमो घाट को आम लोगों के लिए दोबारा कब खोला जाएगा, इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की स्थिति को देखते हुए आगे फैसला लिया जाएगा। ऐसे में एयर शो की तैयारियों के बीच नमो घाट पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फिलहाल प्रवेश प्रतिबंधित रहने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।11:32 AM