अशोक चौरसिया ने किया कार्य विभाजन का विस्तार, उत्तम ओझा को मिली ये अहम जिम्मेदारी
वाराणसी। भाजपा काशी क्षेत्र में संगठनात्मक कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदारियों का विस्तार किया गया है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने क्षेत्र कार्यसमिति में कार्य विभाजन को विस्तार देते हुए भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और काशी क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्य डॉ. उत्तम ओझा को क्षेत्र के सभी प्रकोष्ठों और विभागों का प्रभार सौंपा है।
डॉ. उत्तम ओझा अब काशी क्षेत्र के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ ही उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का काम करेंगे। संगठन में उनकी सक्रियता और लंबे अनुभव को देखते हुए इस जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. उत्तम ओझा से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से क्षेत्र के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों की गतिविधियों में बेहतर तालमेल आएगा और संगठनात्मक कार्यक्रमों को और गति मिलेगी।
काशी क्षेत्र के प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि कार्य विभाजन के तहत क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के कार्यक्रमों का प्रभार पहले ही सौंपा गया था। अब इस जिम्मेदारी में सहयोग के लिए क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्य अनिल गुप्ता को भी उनके साथ जोड़ा गया है।
अनिल श्रीवास्तव और अनिल गुप्ता मिलकर वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के कार्यक्रमों के आयोजन, आपसी समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में सहयोग करेंगे। पार्टी के इस नए कार्य विभाजन से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
