Movie prime

मणिकर्णिका घाट पर शवयात्री से मारपीट, एक युवक गंभीर रूप से घायल; श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 
मणिकर्णिका घाट पर शवयात्री से मारपीट, एक युवक गंभीर रूप से घायल; श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। धर्म और मोक्ष की नगरी काशी के विश्वप्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर एक शवयात्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। वीडियो के अनुसार, घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने एक युवक के सिर पर लकड़ी के लट्ठे से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक को मृतक का सगा भतीजा बताया जा रहा है, जो अपने परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचा था।

सिर पर लकड़ी के लट्ठे से हमला, युवक लहूलुहान

सामने आए वीडियो के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, मणिकर्णिका घाट पर मौजूद लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। इसी दौरान युवक के सिर पर लकड़ी के लट्ठे से वार किया गया, जिसके बाद वह खून से लथपथ हो गया। युवक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

इस घटना ने मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जब स्थानीय शवयात्री ही सुरक्षित नहीं, तो बाहरी श्रद्धालुओं का क्या?

मणिकर्णिका घाट काशी के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां देशभर से बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने पहुंचते हैं। ऐसे में शवयात्रा में शामिल एक व्यक्ति के साथ इस तरह की हिंसा बेहद चिंताजनक है।

घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब स्थानीय शवयात्रियों के साथ ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और शवयात्रियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी? इस तरह की घटनाएं काशी की वैश्विक छवि को भी प्रभावित कर सकती हैं।

पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

मामले में पुलिस प्रशासन से वीडियो का संज्ञान लेकर हमलावरों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। साथ ही मणिकर्णिका घाट पर आने वाले शवयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता जताई जा रही है।

फिलहाल मारपीट की वजह, घायल युवक की चिकित्सकीय स्थिति और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।

ख़बर अपडेट की जा रही है....