कोरौता में असिस्टेंट कमिश्नर विकास पटेल का भव्य स्वागत, पूरे गाँव में जश्न का माहौल
लोहता I वाराणसी के लोहता क्षेत्र अंतर्गत कोरौता गाँव में बुधवार को एक भव्य "हार्दिक स्वागत एवं सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गाँव के रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे से शुरू हुआ, जिसमें व्यापार कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर नियुक्त हुए विकास पटेल के प्रथम आगमन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
गाँव और क्षेत्र के लोगों ने माला, शॉल और बैनरों के साथ विकास पटेल का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
वाराणसी भाजपा पिछड़ा मोर्चा के महामंत्री भानू शंकर पटेल ने अतिथियों के साथ मिलकर विकास पटेल को माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस खास मौके पर उनके पिता मंगला पटेल भावुक नजर आए और बेटे की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर कौशलेंद्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, रोहनिया विधायक सुनील पटेल, आईपीसी अध्यक्ष सर्वेश पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल, आनंद पटेल, मंडल अध्यक्ष आलोक पांडेय और विपिन पांडेय समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने ढोल-नगाड़ों के साथ विकास पटेल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्थानीय वक्ताओं ने अपने संबोधन में विकास पटेल की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि उनकी उपलब्धि से गाँव का नाम रोशन हुआ है। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और यह आयोजन गाँव के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बन गया।
