Movie prime

स्कूल बस पर हमला, शीशे तोड़े; छात्राएं घायल, कंडक्टर को पिस्टल दिखाने का आरोप
 

 
 स्कूल बस पर हमला, शीशे तोड़े; छात्राएं घायल, कंडक्टर को पिस्टल दिखाने का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में बीएचयू के छित्तूपुर गेट के पास स्कूल बस को रोककर मारपीट, तोड़फोड़ और छात्राओं से बदसलूकी का मामला सामने आया है। स्कॉर्पियो सवार लोगों पर पिस्टल दिखाकर बस के कंडक्टर को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना में बस के शीशे टूटने से चार से पांच छात्राएं घायल हो गईं। मामले में कंडक्टर की तहरीर पर लंका पुलिस ने अपहरण, रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज की बस 14 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे लगभग 40 छात्राओं को विद्यालय छोड़कर लौट रही थी। छित्तूपुर गेट के पास बस की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से रगड़ हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने बस को रोक लिया और विवाद शुरू हो गया।

बस में तोड़फोड़, छात्राएं घायल

कंडक्टर सतीश यादव की तहरीर के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार चालक और राजवीर सिंह ने बस चालक रविशंकर राय के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे तोड़ दिए गए। टूटे शीशों की चपेट में आने से चार से पांच छात्राएं घायल हो गईं। अचानक हुई घटना से बस में सवार छात्राओं में दहशत फैल गई।

पिस्टल दिखाकर मोबाइल छीनने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने कंडक्टर सतीश यादव को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। पिस्टल दिखाकर उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि हमलावर विद्यालय परिसर तक भी पहुंचे और वहां स्टाफ के साथ गाली-गलौज की।

कंडक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज कमलाकांत यादव को भी जबरन अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो की मरम्मत के नाम पर उनसे 7,200 रुपये का भुगतान कराया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद लंका पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजकुमार के मुताबिक, कंडक्टर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस छित्तूपुर गेट, विद्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।