Movie prime

वाराणसी: पुलिया के नीचे संदिग्ध हाल में मिला ऑटो चालक का शव, चोटों से हत्या की आशंका

वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में ऑटो चालक पप्पू राजभर का शव पुलिया के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस और फारेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। मृतक के घर में मातम पसरा है।

 
राजातालाब
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: राजातालाब क्षेत्र में गुरुवार को जक्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत शाहंशाहपुर–भवानीपुर मार्ग पर स्थित पुलिया के नीचे ऑटो चालक पप्पू राजभर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव देखते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए, जहां चीख-पुकार मच गई।

सुबह मिला शव, रात भर गायब था पप्पू

लश्करिया गांव निवासी 45 वर्षीय पप्पू राजभर रोज की तरह बुधवार सुबह ऑटो लेकर घर से निकले थे। लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। गुरुवार को शाहंशाहपुर राजकीय गोशाला के पास उनकी लाश मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। उनका ऑटो राजातालाब बाजार में खड़ा मिला, जिससे घटना और भी संदिग्ध हो गई।

शरीर पर कई निशान, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया

स्वजन ने बताया कि पप्पू के सिर, आंख, नाक, सीने और हाथ पर चोटों के गंभीर निशान थे। इन हालातों को देखते हुए परिवार ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि किसी ने पप्पू को हत्या करके शव को पुलिया में फेंक दिया।

फारेंसिक टीम और डीसीपी ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती जोन वैभव बांगर मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम के साथ उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।

घर में मचा कोहराम

पप्पू राजभर परिवार के बड़े बेटे थे और ऑटो चलाकर ही परिवार का खर्च उठाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी शकुंतला, मां श्यामप्यारी, बेटे राहुल और रोहित तथा बेटियां रीति और पुष्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अनुसार, पप्पू के छोटे भाई रमेश की भी चार वर्ष पहले मौत हो चुकी है, जिससे परिवार अब पूरी तरह टूट गया है।