विश्व पार्किन्सन दिवस पर बरेका अस्पताल में जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
वाराणसी। विश्व पार्किन्सन दिवस के अवसर पर बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डॉ. देवेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “देखभाल की कमी को दूर करना” पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पार्किन्सन एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिससे व्यक्ति की चाल, संतुलन और समन्वय प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि इस रोग में शरीर में कंपन, अकड़न, बोलने और सीखने की क्षमता में बदलाव जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, पौष्टिक आहार और समय पर उपचार को जरूरी बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय सिंह दुर्गा प्रसाद ने हड्डियों की मजबूती और उपचार के बारे में जानकारी दी। वहीं, मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से आए वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार ने उन्नत रोबोटिक सर्जरी पर व्याख्यान दिया और वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. गौरव सिंह और डॉ. अभिषेक ने भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य नर्सिंग अधीक्षक कमला श्रीनिवासन सहित चिकित्सालय के अन्य स्टाफ और मैक्स हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही।
