विश्व स्तनपान सप्ताह पर काशी विद्यापीठ में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने पोस्टर व स्लोगन से दिया स्वास्थ्य का संदेश
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गृह विज्ञान विभाग में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्तनपान के महत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह प्रत्येक वर्ष 1 से 7 अगस्त तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य माताओं को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करना, इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को माताओं के सहयोग के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर विभाग की छात्राओं आदिशक्ति, दिव्यशक्ति, नैना शर्मा, अर्पिता पाल, जैनशीन, सोनी कुमारी, संध्या गुप्ता, नेहा यादव, विशाखा, दृष्टि सिंह और कोमल कुमारी ने पोस्टर निर्माण, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण, स्लोगन लेखन और कविता पाठ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्तनपान के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया।
वक्ताओं ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए स्तनपान को सबसे प्रभावी और प्राकृतिक पोषण का माध्यम बताते हुए इसे बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष प्रो. अखिलेश सहित डॉ. सुरेखा, डॉ. रिचा, डॉ. नेहा और डॉ. त्रिप्ती उपस्थित रहीं।
