Movie prime

वडनगर के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक, 500 सेवा यात्रियों की भव्य कलश यात्रा से गूंजा काशी धाम
 

 
 वडनगर के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक, 500 सेवा यात्रियों की भव्य कलश यात्रा से गूंजा काशी धाम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक सेवा यात्रियों ने मंगलवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। इस दौरान मैदागिन से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में वडनगर से लाए गए जल और गंगाजल से भरे कलश आकर्षण का केंद्र रहे।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुनने के बाद वडनगर से आए सेवा यात्री बसों से मैदागिन चौराहे पहुंचे। यहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रियों को पैदल श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना किया।

कलश यात्रा की अगुवाई ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे, डमरूदल और शंखनाद के साथ बटुकों ने की। उनके पीछे पीली साड़ी पहने महिलाएं वडनगर से लाए गए जल से भरे 11 कलश और गंगाजल से भरे 11 कलश लेकर चल रही थीं। इसके बाद करीब 500 बाइक सेवा यात्री ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की ओर बढ़े।

गेट नंबर चार पर गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर चार पर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, डमरूदल और शंखनाद के बीच उन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई।

इसके बाद सभी यात्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच वडनगर से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया। यात्रियों ने मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन भी किया।

काशी विश्वनाथ धाम का किया भ्रमण

जलाभिषेक के बाद सेवा यात्रियों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिसर और कॉरिडोर का भ्रमण किया। धाम की भव्यता और व्यवस्थाओं को देखकर यात्रियों ने प्रसन्नता जताई।

इस दौरान शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने यात्रियों को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्र सह-मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर समेत मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।