वाराणसी में आज से मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध, नवरात्र और एयर शो के चलते 26 अक्टूबर तक लागू रहेंगी पाबंदियां
वाराणसी। शारदीय नवरात्र और भारतीय वायु सेना के भव्य एयर शो को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री पर कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। नगर निगम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 11 से 19 अक्टूबर तक नवरात्र के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मछली की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं, नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 19 से 26 अक्टूबर तक करीब 30 किलोमीटर के दायरे में मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नवरात्र में 11 से 19 अक्टूबर तक बंद रहेंगी दुकानें
वाराणसी नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के अनुसार, शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शहर में मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए नगर निगम के सभी जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंध का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आदेश के अनुपालन में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
काशी विश्वनाथ धाम के दो किलोमीटर दायरे में भी प्रतिबंधित
नगर निगम ने धार्मिक स्थलों के आसपास लागू प्रतिबंधों का भी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री और पशुवध प्रतिबंधित है।
इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ धाम के दो किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री, भंडारण, उपयोग और पशुवध पर रोक के प्रावधान लागू हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
एयर शो के चलते नमो घाट से 30 किलोमीटर तक रहेगी रोक
भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर भव्य 'एरियल डिस्प्ले-2026' का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश सरकार ने 'स्टेट इवेंट' घोषित किया है।
एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए नमो घाट के आसपास लगभग 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दरअसल, खुले में मांस और मछली की कटिंग से निकलने वाले अवशेष चील, कौवे और अन्य पक्षियों को आकर्षित कर सकते हैं। ऐसे पक्षियों के विमानों से टकराने की आशंका को 'बर्ड-हिट' कहा जाता है। इस खतरे को कम करने के उद्देश्य से प्रशासन ने प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, नमो घाट पर मुख्य एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि 26 अक्टूबर को रिजर्व डे के रूप में निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही गंगा के गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और दर्शकों की सुविधा के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
