Movie prime

बनारस लिट फेस्ट में पीयूष मिश्रा के कंसर्ट से पहले बवाल, पुलिस पर महिलाओं से अभद्रता और धक्कामुक्की का आरोप

वाराणसी के बनारस लिट फेस्ट में अव्यवस्था के आरोप लगे हैं। ताज होटल में ओवरक्राउडिंग के बाद एंट्री बंद होने से हंगामा, पुलिस-भीड़ झड़प, महिलाओं से अभद्रता और लाठीचार्ज के आरोप सामने आए। रात 10 बजे पीयूष मिश्रा का कंसर्ट शुरू हो सका।

 
बनारस लिट फेस्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी साहित्य कला उत्सव (बनारस लिट फेस्ट) के तीसरे दिन रविवार को ताज होटल परिसर में भारी अव्यवस्था और सुरक्षा चूक के आरोप सामने आए। कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हंगामा, धक्का-मुक्की, भगदड़ जैसी हालत और पुलिस पर महिलाओं से अभद्रता व मारपीट के आरोप लगे।

एंट्री बंद होते ही भड़की भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयोजकों और प्रायोजकों द्वारा हजारों लोगों को आमंत्रित किया गया था, जबकि स्थल की क्षमता सीमित थी। शाम होते-होते भीड़ बेकाबू हो गई। इसके बाद आयोजकों ने अचानक इंट्री गेट बंद करवा दिए, जिससे बाहर खड़ी भीड़ आक्रोशित हो गई।

भीड़ ने गेट पर धक्का-मुक्की शुरू कर दी और जबरन प्रवेश की कोशिशें होने लगीं। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लाउडस्पीकर से समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने।

भगदड़ के हालात

भीड़ को हटाने के लिए सिपाहियों ने लोगों को तितर-बितर किया, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। कुछ युवक दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश करते दिखे, जिन्हें रोका गया। इसी दौरान जब एक कार को बाहर निकालने के लिए गेट खोला गया, तो भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिसकर्मियों व भीड़ के बीच झड़प हो गई।

2

महिलाओं से अभद्रता और मारपीट के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि स्थिति को नियंत्रित करने के नाम पर एक सब-इंस्पेक्टर ने कई युवकों को मारकर भगाया। इसके साथ ही महिलाओं और युवतियों से अभद्रता, हाथ पकड़कर खींचने और थप्पड़ मारने के आरोप भी लगे।

बताया गया कि यह सब एसीपी नितिन तनेजा और कैंट इंस्पेक्टर की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान कई युवतियां डरी-सहमी नजर आईं।

VVIP पास होने के बावजूद नहीं मिली एंट्री

आरोप है कि VVIP पास लेकर पहुंचे लोग भी अंदर नहीं जा सके। कई युवतियां, जो मुख्य आयोजक दीपक मधोक के स्कूल की छात्राएं थीं और जिनके पास VVIP पास थे, उन्हें भी प्रवेश नहीं दिया गया।
लोगों ने मुख्य आयोजक दीपक मधोक, अमित सेवारामानी और बृजेश सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिले, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।

3

10 लोग घायल, पुलिस ने कैंपस खाली कराया

हंगामे के दौरान करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। हालात काबू में करने के लिए एसीपी नितिन तनेजा ने रस्सियां लगवाकर बैरिकेडिंग कराई। पुलिस ने 200 सीटों पर बैठे और स्टैंड में खड़े लगभग 250 लोगों को अंदर रहने दिया, जबकि बाकी लोगों को लाठी फटकार कर कैंपस से बाहर निकाल दिया गया।

रात 10 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम
पूरा घटनाक्रम शाम 6 बजे से रात 9.30 बजे तक चलता रहा। इसके बाद रात करीब 10 बजे पीयूष मिश्रा मंच पर पहुंचे, तब जाकर उनका बहुप्रतीक्षित कंसर्ट शुरू हो सका।