अमृत भारत योजना के तहत बनारस स्टेशन को मिलेगी नई सौगात, 12 मीटर चौड़ा तीसरा फुटओवरब्रिज बनेगा
वाराणसी। अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 12 मीटर चौड़ाई वाले तीसरे फुटओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके बनने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर एक से आठ तक आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही प्लेटफॉर्मों पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।
बनारस रेलवे स्टेशन से वर्तमान में प्रतिदिन 40 से अधिक ट्रेनें दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, आगरा, पुणे, सोमनाथ और देहरादून समेत विभिन्न शहरों के लिए संचालित होती हैं। स्टेशन पर अभी दो फुटओवरब्रिज मौजूद हैं, जिनके माध्यम से यात्री एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचते हैं। हाल के वर्षों में दो अमृत भारत एक्सप्रेस और दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन से यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे अतिरिक्त फुटओवरब्रिज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नया फुटओवरब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर एक के बाहर से शुरू होगा और स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म इससे आपस में जुड़ जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर एक और एस्केलेटर भी लगाया जाएगा।
मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर द्वारा स्टेशन का निरीक्षण किए जाने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों ने परियोजना की निगरानी भी नए सिरे से शुरू कर दी है, ताकि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बनारस रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
