रोमांचक मुकाबले में बरेका फुटबॉल नर्सरी बनी महिला फुटबॉल लीग की सीनियर चैंपियन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग के फाइनल में बरेका फुटबॉल नर्सरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। कड़े संघर्ष से भरे इस मुकाबले में प्रीति यादव का निर्णायक गोल बरेका फुटबॉल नर्सरी की जीत का आधार बना। कुमायूं हीरोज को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जन संपर्क अधिकारी, बरेका राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन और खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने की शुभकामनाएं दीं।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने तेज गति, सटीक पासिंग और आक्रामक रणनीति के साथ एक-दूसरे पर दबाव बनाए रखा। इसी दौरान बरेका फुटबॉल नर्सरी की प्रीति यादव ने शानदार मूव को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
गोल के बाद कुमायूं हीरोज ने बराबरी के लिए कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन बरेका फुटबॉल नर्सरी की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसके प्रयास सफल नहीं हो सके। निर्धारित समय समाप्त होने तक स्कोर 1-0 रहा और अंतिम सीटी बजते ही बरेका फुटबॉल नर्सरी की खिलाड़ियों व समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विजेता टीम की ओर से प्रीति यादव, अंजलि यादव और रिया ने बेहतरीन तालमेल, तेज गति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। वहीं कुमायूं हीरोज की ओर से चांदनी पटेल और वंदना ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए टीम को बराबरी दिलाने का भरपूर प्रयास किया।
फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों के जरिए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। पूरे मुकाबले के दौरान बरेका खेल मैदान का माहौल बेहद रोमांचक बना रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुराग कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनुराग कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला फुटबॉल लीग जैसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। इससे महिलाओं में खेल संस्कृति, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिलता है।
राजेश कुमार ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बरेका खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है और ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव, एफसी बनारस के अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, पंकज पांडेय, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।
