Movie prime

गंगा में स्नान और हाथ में Beer! वाराणसी के वायरल VIDEO पर भड़के लोग, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी के गंगा घाट पर स्नान के दौरान युवकों द्वारा बीयर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर संबंधित युवकों की पहचान में जुटी है।

 
Ganga Ghat Beer Video
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: गंगा घाट एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला मां गंगा में स्नान के दौरान कुछ युवकों द्वारा खुलेआम बीयर पीने और उसका प्रदर्शन करने से जुड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

वीडियो में कुछ युवक गंगा नदी में स्नान करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान वे बीयर पीते हुए कैमरे के सामने प्रदर्शन भी करते नजर आते हैं। बीयर पीने वाले युवक को वीडियो बनाने वालों ने रोका और नाम पता पूछा तो युवक ने अपना नाम संतोष कुमार निवासी लोहता बताया। अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इसे आस्था और धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताया।

अधिवक्ता ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपकर संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि मां गंगा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र हैं और घाटों पर इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वायरल वीडियो समाज में गलत संदेश देने के साथ धार्मिक माहौल को प्रभावित कर सकता है। शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है।

घाटों पर निगरानी बढ़ाने की भी मांग

शिकायत में पुलिस से मांग की गई है कि वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित युवकों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही गंगा घाटों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काशी के घाट केवल पर्यटन स्थल नहीं बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे में इस प्रकार की हरकतें शहर की छवि को भी प्रभावित करती हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले पर एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे व्यक्तियों की पहचान कराने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किस घाट पर बनाया गया।